
हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में इलाज करवाना अब मरीजों के लिए और महंगा हो गया है। रोबोटिक सर्जरी के बाद अब अस्पताल में एक्सरे करवाने के लिए भी मरीजों को शुल्क चुकाना होगा। अस्पताल प्रबंधन ने बुधवार से नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत प्रत्येक एक्सरे के लिए 60 रुपये फीस निर्धारित की गई है। इससे पहले अस्पताल में एक्सरे की सुविधा निशुल्क उपलब्ध थी।
नई व्यवस्था के तहत आपातकालीन स्थिति में करवाए जाने वाले एक्सरे पर भी शुल्क लागू होगा। ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। IGMC में रोजाना 500 से अधिक एक्सरे किए जाते हैं, जिससे इस फैसले का असर बड़ी संख्या में मरीजों पर पड़ने की संभावना है।
रोगी कल्याण समिति की बैठक में मिली थी मंजूरी
जानकारी के अनुसार, 23 अक्तूबर को IGMC में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के तीसरे एजेंडे में अस्पताल प्रबंधन की ओर से एक्सरे पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा गया था। समिति ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसे सरकार को भेजने का निर्णय लिया था। साथ ही स्पष्ट किया गया था कि सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही मरीजों से शुल्क लिया जाएगा। अब सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत 31 दिसंबर 2020 की अधिसूचना के अनुसार शुल्क वसूला जा रहा है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव की ओर से कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।
एक्सरे शुल्क लगाने पर मरीजों ने जताया विरोध
अस्पताल में एक्सरे पर शुल्क लगाने के फैसले से मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी है। बुधवार को एक्सरे करवाने पहुंचे मरीजों ने इस व्यवस्था का विरोध किया। उनका कहना है कि सरकार एक ओर सरकारी अस्पतालों में निशुल्क इलाज उपलब्ध करवाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर जांच के नाम पर भी शुल्क वसूला जा रहा है।
मरीजों ने कहा कि पहले ही कई जरूरी दवाएं अस्पताल के बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। ऐसे में एक्सरे के लिए भी पैसे देने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मुश्किलें बढ़ेंगी। मरीजों का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गरीब और जरूरतमंद लोग इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, इसलिए जांच सुविधाओं को सस्ता और सुलभ बनाए रखना चाहिए।