
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 12 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई थी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से 20 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी अन्य सभी शर्तें और दिशा-निर्देश पहले की तरह ही लागू रहेंगे। केवल ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि में बदलाव किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 21 दिसंबर को परीक्षा का परिणाम घोषित होगा। प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 23 और 24 दिसंबर को होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर मिला है, जो निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाए थे।