देहरादून जू में पहली बार आया सफेद बाघ, CM धामी ने किया 'तेजस' के बाड़े का उद्घाटन; कॉलेज छात्रों को मिलेगी मुफ्त एंट्री
देहरादून। उत्तराखंड में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ 'तेजस' को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 19 नवंबर को सफेद बाघ के बाड़े का उद्घाटन किया। करीब ढाई साल का सफेद बाघ तेजस मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से देहरादून लाया गया था। इसे 28 सितंबर को देहरादून जू में पहुंचाया गया था। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह के सफेद बाघ को लाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा। आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून चिड़ियाघर में हर साल करीब 8.5 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी। सरकार का कहना है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों का संरक्षण भी प्राथमिकता है।









