
धर्मशाला: क्रिसमस और नववर्ष के जश्न के बीच धर्मशाला एक बार फिर कांगड़ा वैली विंटर कार्निवल के रंग में रंगने जा रहा है। इस वर्ष आठ दिवसीय कार्निवल का आयोजन 24 से 31 दिसंबर तक किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्निवल का मुख्य उद्देश्य कांगड़ा की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खानपान और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके तहत खेल, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों की धूम रहेगी।
प्रस्तावित कार्यक्रमों में मैराथन, साइकिलिंग, फुटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा मिस एंड मिसेज कांगड़ा वैली कार्निवल प्रतियोगिता, शेफ प्रतियोगिता और लिटरेचर फेस्टिवल भी आयोजित किए जाएंगे। लाइट एंड साउंड शो के जरिए भी दर्शकों को आकर्षित करने की योजना है।
कार्निवल में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों, स्थानीय हस्तशिल्प और कांगड़ा के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इससे स्थानीय उत्पादों और हुनर को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास होगा।
एडीसी विनय कुमार के अनुसार कार्निवल के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। इस संबंध में प्रशासन की एक बैठक हो चुकी है। आगामी बैठक में आयोजन से जुड़ी कई योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
आठ दिवसीय कार्निवल में प्रवेश को लेकर लोगों में उत्सुकता है। सभी कार्यक्रमों के लिए टिकट व्यवस्था होगी या कुछ आयोजनों में निशुल्क प्रवेश मिलेगा, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। प्रशासन की अगली बैठक में इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
वर्ष 2025 में भी 24 से 31 दिसंबर तक पुलिस मैदान धर्मशाला में कांगड़ा वैली कार्निवल आयोजित किया गया था। उपमुख्यमंत्री ने इसका शुभारंभ किया था। इस दौरान बॉलीवुड गायक अंकित तिवारी सहित कई कलाकारों और हिमाचली सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुतियां देकर समां बांधा था।