
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना 11 दिसंबर से शुरू होने जा रही है। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने बुधवार को योजना की अधिसूचना जारी कर दी है। योजना के तहत प्रदेश की करीब 3.50 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही पात्र परिवारों को घरेलू बिजली खपत पर हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा भी मिलेगी।
योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को दिया जाएगा, जिनका सरकार की ओर से सर्वेक्षण करने के बाद सत्यापन और अनुमोदन किया जाएगा।
महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1,500 रुपये
योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए महिला की आयु 18 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही आधार प्रमाणीकरण, ई-केवाईसी और आधार पेमेंट ब्रिज से जुड़ा सक्रिय बैंक खाता होना अनिवार्य है। जो महिलाएं केंद्र या प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के तहत इसी तरह की नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त कर रही हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली
योजना में पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त घरेलू बिजली देने का भी प्रावधान है। एक परिवार के अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों की संयुक्त खपत पर यह छूट मिलेगी। यदि परिवार के पास एक मीटर है तो उसी पर लाभ मिलेगा, जबकि दो मीटर होने की स्थिति में दोनों की कुल खपत 300 यूनिट तक मुफ्त रहेगी। इस व्यवस्था को बिजली बोर्ड लागू करेगा।
हर परिवार का तैयार होगा विकास रोडमैप
योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी परिवार की जरूरतों के अनुसार विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसमें रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषय शामिल होंगे। परिवारों को उनकी जरूरत के अनुसार सरकार की दूसरी कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। पंजीकरण से लेकर पात्रता सत्यापन, भुगतान और निगरानी तक की प्रक्रिया मुख्यमंत्री अपना परिवार (MMAP) पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी।
पंचायत सचिव से उपायुक्त तक तय होगी जिम्मेदारी
योजना के क्रियान्वयन में पंचायत सचिव परिवारों का सत्यापन और वार्षिक पात्रता समीक्षा करेंगे। बीडीओ पात्रता तय करेंगे, एसडीएम विकास योजनाओं की निगरानी करेंगे, जबकि उपायुक्त जिला स्तर पर योजना की देखरेख करेंगे।
योजना से जुड़ी शिकायतें बीडीओ कार्यालय या ऑनलाइन दर्ज करवाई जा सकेंगी। शिकायतों का निपटारा 15 दिनों के भीतर करना होगा। बीडीओ के फैसले के खिलाफ सात दिनों के भीतर एसडीएम के पास अपील की जा सकेगी। एसडीएम को भी 15 दिनों में निर्णय लेना होगा।
गलत जानकारी या धोखाधड़ी से योजना का लाभ लेने वालों से सहायता राशि वसूल की जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सोशल ऑडिट और तीसरे पक्ष से मूल्यांकन का भी प्रावधान किया गया है।