
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में उर्दू और पंजाबी भाषा शिक्षकों की भर्ती के लिए पात्रता नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं। प्रदेश के बोनाफाइड निवासियों को छोड़कर अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए हिमाचल प्रदेश के शिक्षण संस्थानों से दसवीं और जमा दो की परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। यानी बाहरी राज्यों के वे उम्मीदवार, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई हिमाचल से नहीं की है, इन पदों के लिए पात्र नहीं होंगे।
इस संबंध में निदेशालय स्कूल शिक्षा ने हिमाचल प्रदेश राजकीय चयन आयोग, हमीरपुर के सचिव को पत्र भेजकर निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
2020 के सरकारी निर्देशों के आधार पर फैसला
शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रदेश सरकार की ओर से 23 अक्तूबर 2020 को जारी निर्देशों के तहत उर्दू और पंजाबी भाषा शिक्षकों की भर्ती में यह शर्त लागू होगी। इसके अनुसार बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को हिमाचल के शिक्षण संस्थानों से मैट्रिक और जमा दो, दोनों परीक्षाएं पास करनी होंगी।
हिमाचल के बोनाफाइड निवासियों को छूट
इस नियम में हिमाचल प्रदेश के बोनाफाइड निवासियों को छूट दी गई है। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए हिमाचल से ही 10वीं और 12वीं पास करने की अनिवार्यता लागू नहीं होगी। जबकि अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को दोनों शैक्षणिक परीक्षाएं हिमाचल से उत्तीर्ण करना जरूरी होगा।
चयन आयोग को भेजा पत्र
निदेशालय स्कूल शिक्षा ने पात्रता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट करते हुए चयन आयोग हमीरपुर को पत्र भेजा है। अब आयोग को इन्हीं शर्तों के अनुरूप उर्दू और पंजाबी भाषा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी। इस फैसले से भर्ती की तैयारी कर रहे बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी यह शर्त अहम हो गई है।