
बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में अब मरीजों को दिन-रात एक्सरे की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल में दो एक्सरे तकनीशियनों की तैनाती के बाद अस्पताल प्रबंधन ने 24 घंटे सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए हैं। इससे रात के समय सड़क हादसों में घायल होने वाले मरीजों और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, क्षेत्रीय अस्पताल में दो एक्सरे तकनीशियन तैनात होने के बावजूद शाम पांच बजे के बाद एक्सरे मशीन बंद कर दी जाती थी। इस कारण रात के समय आपातकालीन विभाग में पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई मामलों में एक्सरे की सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीजों को एम्स बिलासपुर रेफर करना पड़ता था। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध होने के बावजूद जरूरी जांच नहीं हो पाने से मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी थी।
मंगलवार रात भी ऐसा ही मामला सामने आया, जब सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। उसकी बाजू में चोट लगी थी और चोट की गंभीरता जानने के लिए एक्सरे करवाना जरूरी था। हालांकि, रात के समय सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उसका एक्सरे नहीं हो सका और उसे एम्स बिलासपुर रेफर करना पड़ा।
घायल के तीमारदार गौरव शर्मा ने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि क्षेत्रीय अस्पताल में 24 घंटे एक्सरे की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी तो आपातकालीन मरीजों को कहां जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों को सबसे पहले क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया जाता है। ऐसे में रात के समय एक्सरे नहीं होने से मरीजों को दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ जरूरी जांच की सुविधा भी हर समय सुनिश्चित की जाए।
एमएस ने दोनों तकनीशियनों को दिए निर्देश
क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डॉ. एके सिंह ने बताया कि अस्पताल में अब दो एक्सरे तकनीशियन तैनात हैं। दूसरी तकनीशियन ने करीब एक सप्ताह पहले ही ज्वाइन किया है। दोनों तकनीशियनों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि मरीजों को अब अस्पताल में दिन-रात एक्सरे की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।