
हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार में एक बार फिर रौनक लौटा दी है। दीपावली के बाद पर्यटकों की आमद में आई गिरावट अब कम होने लगी है और वीकेंड पर शिमला, मनाली, धर्मशाला और कसौली सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों में सैलानियों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। बर्फ से ढकी पहाड़ियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, मनाली और कसौली में होटलों की ऑक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि शिमला और कांगड़ा में यह लगभग 65 प्रतिशत दर्ज की गई। इस बार घरेलू पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानियों की आवाजाही भी अच्छी रही। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं।
लाहुल-स्पीति, रोहतांग दर्रा और कुल्लू के जलोड़ी जोत में बर्फ की सफेद चादर पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। वहीं, सोलंग घाटी, अटल टनल के आसपास, शिमला के कुफरी और नारकंडा के साथ किन्नौर में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हुआ।
हालांकि रोहतांग, जलोड़ी जोत और लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले मार्गों पर बर्फबारी के कारण फिसलन बनी हुई है। सड़कें बहाल होने के बावजूद पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
पर्यटन सीजन के चलते होटलों में मिलने वाली छूट भी कम हो गई है। सामान्य दिनों में 15 से 20 प्रतिशत तक छूट देने वाले कुछ निजी होटल अब सीमित छूट दे रहे हैं, जबकि तीन और पांच सितारा होटलों में फिलहाल छूट नहीं दी जा रही है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बर्फबारी बढ़ने के साथ पर्यटकों की आमद और तेज होगी।