
हिमाचल प्रदेश के हजारों गरीब परिवारों के अपने पक्के मकान का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत प्रदेश के 12,427 पात्र परिवारों को इस वित्तीय वर्ष में पक्के मकान बनाने के लिए मंजूरी मिलेगी। ग्रामीण विकास विभाग ने पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं और सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रदेश के सभी 12 जिलों के लाभार्थियों के दस्तावेजों का स्वतः सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद आवास आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
अब तक 1.09 लाख से अधिक मकान मंजूर
इस नए लक्ष्य को मिलाकर योजना की शुरुआत से अब तक हिमाचल प्रदेश में कुल 1,09,493 मकान मंजूर हो चुके हैं। वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक प्रदेश में 97,066 आवास स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 77,157 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि बाकी मकानों का निर्माण कार्य अलग-अलग जिलों में जारी है।
चंबा में सबसे ज्यादा मकान तैयार
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक चंबा जिले में सबसे अधिक 21,061 मकानों का निर्माण पूरा हुआ है। इसके बाद कांगड़ा में 16,296 और मंडी में 13,871 मकान बनकर तैयार हुए हैं।
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो सिरमौर में 8,310, शिमला में 4,898, ऊना में 3,691, कुल्लू में 2,497, हमीरपुर में 2,317 और सोलन में 2,304 मकान बनाए जा चुके हैं। वहीं बिलासपुर में 1,267, किन्नौर में 405 और लाहौल-स्पीति में 250 मकानों का निर्माण पूरा हुआ है।
पहली किस्त के बाद जियो टैगिंग जरूरी
ग्रामीण विकास विभाग की अतिरिक्त निदेशक सोनिया ठाकुर ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 12,427 नए मकान बनाने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है कि पहली किस्त मिलने के बाद मकान निर्माण की प्रगति रिपोर्ट दूसरी और तीसरी किस्त के लिए स्वयं जियो टैग करें। इससे निर्माण की स्थिति का सत्यापन समय पर हो सकेगा और आगे की किस्तें जारी करने में देरी नहीं होगी।