
लाहौल-स्पीति: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फीली सड़कों पर सफर करना जोखिम भरा होता जा रहा है। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। पहला हादसा मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर दीपक ताल के पास हुआ, जहां एक पर्यटक टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वहीं, दूसरा हादसा ग्रांफू-काजा सड़क पर बातल के समीप हुआ, जहां बर्फ पर फिसलने से एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम दीपक ताल के पास हुई दुर्घटना के समय टैक्सी को कुल्लू निवासी निखिल चला रहा था। वाहन में पश्चिम बंगाल के श्यामनगर निवासी पर्यटक शांतनु वासु, उनकी पत्नी पोलोनि नायक और बेटा विविष्कान वासु सवार थे। हादसे में चालक समेत चारों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया। इसके बाद सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
दूसरा हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे ग्रांफू-काजा सड़क पर बातल के समीप हुआ। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार बर्फ पर फिसलने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार में चार लोग सवार थे।
घायलों की पहचान अनिल कुमार (24), सुरेश पाल (48), सतीश कुमार (35) और चालक करनैल सिंह (44) के रूप में हुई है। इनमें अनिल कुमार निवासी सेरी कोठी, चोखली, सुंदरनगर; सुरेश पाल निवासी शुआंह, बल्ह; सतीश कुमार निवासी सरवाहन, कोटली और चालक करनैल सिंह निवासी कोशपुरा, रूपनगर (पंजाब) शामिल हैं।
हादसे के बाद घायलों को बीआरओ के वाहन से काजा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घाटी में लगातार गिरते तापमान के कारण सड़कों पर बर्फ जम रही है, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि दोनों हादसों में घायल हुए लोगों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।