
कुल्लू। महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय, हिंसा, मनुवाद और पितृसत्ता के खिलाफ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की हिमाचल प्रदेश जिला कमेटी कुल्लू की ओर से सामाजिक न्याय जत्थे का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर इस जत्थे की शुरुआत कुल्लू से की गई। यह अभियान 30 जनवरी तक जारी रहेगा और प्रदेश के अलग-अलग जिलों में विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। वहीं, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर शिमला से भी इसकी शुरुआत की जाएगी।
जिला अध्यक्ष ममता नेगी और जिला सचिव चंद्रकांता परमार ने बताया कि भारतीय संविधान ने महिलाओं को समानता और सम्मान के कई अधिकार दिए हैं। इनमें समान कार्य के लिए समान वेतन, पंचायतीराज संस्थाओं में आरक्षण और प्रसूति अवकाश जैसे अधिकार शामिल हैं। इसके बावजूद देशभर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, अपराध और दुराचार के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड, आसाराम बापू से जुड़े मामले, भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में सामूहिक दुराचार के मामले का जिक्र करते हुए महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाए।
महिला समिति की पदाधिकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी पिछले तीन वर्षों के दौरान महिला हिंसा और घरेलू हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। सामाजिक न्याय जत्थे के माध्यम से इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है, ताकि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक न्याय और समानता दिलाने की आवाज बुलंद की जा सके।