
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी धर्मशाला 20 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक की मेजबानी करेगी। यहां 33वीं नॉर्दर्न जोनल काउंसिल (उत्तर क्षेत्रीय परिषद) की बैठक आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक एचपीसीए के इंडोर प्रैक्टिस हॉल में प्रस्तावित है। इसमें उत्तर भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच लंबित विवादों, सुरक्षा और आपसी समन्वय से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
नशा तस्करी और सीमा विवाद रहेंगे प्रमुख मुद्दे
बैठक में नशा तस्करी पर प्रभावी रोक, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, अंतरराज्यीय सीमा विवाद और बिजली एवं जल संसाधनों के बंटवारे जैसे विषय प्रमुखता से उठ सकते हैं। इसके अलावा साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित आपराधिक मामलों और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी चर्चा होने की संभावना है।
उत्तर भारत के राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
बैठक में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल एवं प्रशासक भी शामिल होंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृह सचिव, राज्यों के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
धर्मशाला में तैयारियां शुरू
राष्ट्रीय स्तर की इस बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा, यातायात, ठहराव और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस और संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। शीतकालीन सत्र के दौरान भी आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा हुई थी।
फरीदाबाद में हुई थी पिछली बैठक
इससे पहले नॉर्दर्न जोनल काउंसिल की 32वीं बैठक 17 नवंबर 2025 को हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित हुई थी। इसकी अध्यक्षता भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि 20 दिसंबर को धर्मशाला में नॉर्दर्न जोनल काउंसिल की बैठक प्रस्तावित है। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।