
हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित खुंब निदेशालय से मशरूम की खेती और स्वरोजगार से जुड़ने की तैयारी कर रहे किसानों और उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। संस्थान में अब कीड़ा जड़ी मशरूम का कल्चर 10 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। बाजार में इस मशरूम की कीमत एक लाख रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है। निदेशालय की ओर से कल्चर का शुल्क निर्धारित किए जाने से अब इच्छुक किसान और उद्यमी वैज्ञानिक तरीके से इसकी खेती शुरू कर सकेंगे।
पहले कीड़ा जड़ी मशरूम के कल्चर के लिए करीब छह से सात हजार रुपये शुल्क लिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, औषधीय और अन्य खाने वाली मशरूम के कल्चर के लिए दो हजार रुपये शुल्क देना होगा।
कल्चर बैंक में 4,464 मशरूम कल्चर सुरक्षित
खुंब निदेशालय के कल्चर बैंक में औषधीय मशरूम, ढिंगरी और बटन मशरूम सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 4,464 कल्चर सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा 2,642 जंगली मशरूम प्रजातियों के संरक्षण और शोध पर भी काम किया जा रहा है। संस्थान वैज्ञानिक मानकों के तहत इन कल्चर को संरक्षित करता है और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसानों व उद्यमियों को उपलब्ध करवाता है।
चार डिग्री तापमान पर होता है संरक्षण
निदेशालय के विशेषज्ञ डॉ. परमेश के अनुसार, मशरूम कल्चर को चार डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है। प्रत्येक कल्चर की चार से पांच प्रतियां तैयार कर ट्यूब में संरक्षित की जाती हैं। कल्चर को जीवंत और सक्रिय बनाए रखने के लिए हर दो महीने बाद उनका दोबारा रिवाइवल किया जाता है।
क्या होता है मशरूम कल्चर?
मशरूम कल्चर को खेती का मूल बीज या मास्टर बीज कहा जाता है। इसे प्रयोगशाला में मशरूम के ऊतकों या बीजाणुओं से पोषक माध्यम में तैयार किया जाता है। इसी कल्चर से आगे स्पॉन तैयार होता है, जिसे खाद या भूसे में मिलाकर मशरूम उगाई जाती है। इसलिए गुणवत्तापूर्ण कल्चर मशरूम उत्पादन की सबसे महत्वपूर्ण शुरुआती सामग्री है।
स्वरोजगार को बढ़ावा देना उद्देश्य
खुंब निदेशालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. बृज लाल अत्री ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण मशरूम कल्चर का संरक्षण करना और किसानों तक वैज्ञानिक तकनीक पहुंचाना है। इससे मशरूम उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।