
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में जंगलों में लगी आग अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। उरनी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जंगलों में आग लगी हुई है। इसी बीच बुधवार शाम चगांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल की आग की चपेट में आया जलता हुआ पेड़ सड़क से गुजर रही ऑल्टो कार पर गिर गया। हादसे में कार सवार 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पेड़ गिरने से कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सत्संग भवन के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम चगांव में सत्संग भवन के पास ऑल्टो कार नंबर HP 26A 2943 सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान जंगल में लगी आग से जल रहा एक पेड़ अचानक कार पर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जेएसडब्ल्यू अस्पताल शोल्टू पहुंचाया गया।
अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम
हादसे में अभिषेक कुमार (36) और वीरेंद्र सिंह (43), दोनों निवासी चगांव, घायल हुए हैं। उनके साथ कार में सवार संजौकी देवी उर्फ संजू कुमारी (57) भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
जंगलों की आग से सड़कों पर बढ़ा खतरा
उरनी क्षेत्र के जंगलों में पिछले दो दिनों से लगी आग के कारण वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग की चपेट में आने से पेड़ कमजोर होकर सड़क की ओर गिर रहे हैं। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच सहित आसपास की संपर्क सड़कों पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जंगलों में लगी आग पर जल्द काबू पाने की मांग की है।