आठ महीने बाद भी नहीं मिली ₹25 दिहाड़ी बढ़ोतरी, शिमला में मजदूरों का प्रदर्शन; एरियर जारी करने की मांग
शिमला। हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी लागू नहीं होने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। बजट में घोषित 25 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी का लाभ नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने शिमला में श्रम आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार से जल्द अधिसूचना जारी करने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने किया। मजदूर संगठनों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने मार्च 2026 के बजट में विभिन्न श्रेणियों के मजदूरों की दिहाड़ी में 25 रुपये और मासिक वेतन में लगभग 750 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसे 1 अप्रैल 2026 से लागू किया जाना था, लेकिन नवंबर तक भी इसका लाभ नहीं मिला। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि महंगाई के इस दौर में मजदूरों को घोषित वेतन वृद्धि से वंचित रखना उनके साथ अन्याय है। संगठन ने अप्रैल से अब तक का आठ महीने का एरियर एकमुश्त जारी करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन के मुताबिक, इनके मानदेय में 1,000 रुपये मासिक बढ़ोतरी नवंबर से लागू हुई, जबकि इसे अप्रैल से लागू किया जाना था। ऐसे में सात महीने के बकाया मानदेय की मांग की गई। मजदूर संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



